हम वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम महीने में प्रवेश कर चुके हैं और कुछ ऐसे काम हैं जिन्हें 31 मार्च 2026 के पहले ख़त्म करने हैं ताकि आप टैक्स बचा सकें, जैसे कि टैक्स बचाने के लिये एन.पी.एस. या अन्य विकल्पों में निवेश करना आदि। तो आइये देखें क्या करना चाहिये हमें 31 मार्च से पहले –
पुराना रिटर्न फाईल करें
अगर किसी कारणवश आप अपना रिटर्न फाइल नहीं कर पाये हैं तो यह काम जल्द ही कर लें क्योंकि 31 मार्च के बाद आप पिछला रिटर्न फाइल नहीं कर सकते।
निवेश के प्रूफ जमा करें
अगर आप एक कंपनी में काम करते हैं तो अपने एम्पलायर को 31 मार्च से पहले टैक्स सेविंग विकल्प में निवेश का प्रूफ जमा करें ताकि आपकी सैलरी में से कम टैक्स कटे।
डोनेशन की रसीद प्राप्त करें
अगर आपने किसी संस्थान में दान दिया है और उस पर आपको टैक्स में छूट मिल सकती है तो ऐसे लेनदेन की रसीद लेना न भूलें।
कैपिटल गेन
अगर पूरे वित्तीय वर्ष में आपने कोई जमीन बेची है तो उस पर हुए लाभ पर कितना टैक्स लगेगा इसकी जानकारी लें। अगर उस टैक्स को बचाने के लिये कहीं निवेश करना है तो 31 मार्च से पहले करें। साथ ही म्यूचुअल फंड या शेयरों में हुए लॉन्ग टर्म गेन की जानकारी लें। यह रू. 1.25 लाख तक टैक्स फ्री होता है। तो अगर कुछ लिमिट बाकी है तो प्रॉफिट बुक करें।
स्वास्थ्य बीमा खरीदें
सेक्शन 80 डी के तहत स्वास्थ्य बीमा खरीदने पर आप रू. 25000 तक की छूट ले सकते हैं। अगर वरिष्ठ नागरिक के लिये खरीदा है तो रू. 50000 तक की छूट और प्राप्त कर सकते हैं।
सेक्शन 80 सी
इस सेक्शन के अंतर्गत आने वाले विकल्प में निवेश करने पर आप 1.5 लाख की छूट प्राप्त कर सकते हैं। तो 31 मार्च से पहले जाँच करके रू. 1.5 लाख का निवेश पूरा करें।
एन.पी.एस. में निवेश करें
सरकार द्वारा एन.पी.एस. में निवेश करने वालों के अतिरिक्त रू. 50000 की छूट प्रदान की जाती है। तो जरुरत के हिसाब से निवेश करें 31 मार्च के पहले।
ऊपर दिये गये सभी कार्य अगर आप 31 मार्च के पहले ख़त्म कर लेंगे तो आप टैक्स में भी बचत करेंगे साथ ही अगले वित्तीय वर्ष में जब टैक्स फाइल करेंगे तो आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी।
