RNI No.: MPBIL/2015/64672   |   Po. Reg.: Malwa Division/345/2024-2026

म्यूचुअल फंड (एमएफ) के परिसंपत्ति आवंटन और सेंटिमेंट इंडिकेटर इक्विटी, खासकर लार्ज कैप शेयरों के लिए सकारात्मक होते जा रहे हैं, क्योंकि बाजार में गिरावट से मूल्यांकन आकर्षक हो गए हैं। 15 अक्टूबर को जारी एक नोट में एसबीआई म्यूचुअल फंड ने कहा कि लार्ज कैप शेयरों को लेकर निराशा का माहौल बहुत ज्यादा बढ़ गया था जिससे इन शेयरों में फिर से तेजी की संभावना बढ़ गई है। इसमें कहा गया है, चूंकि यह निराशा मुख्य रूप से लार्ज कैप शेयरों तक है, इसलिए विपरीत दृष्टिकोण यह बताता है कि हालात लार्ज कैप शेयरों में बेहतरी के लिए अनुकूल हो सकते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि निफ्टी 50 पर तीन साल का रिटर्न गिरकर 6 फीसदी सालाना के स्तर पर आ गया है, जो 2020 के बाद का सबसे निचला स्तर है। साथ ही, अर्निंग यील्ड और बॉन्ड स्प्रेड के बीच का अंतर कम बना हुआ है और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने इंडेक्स फ्यूचर्स में रिकॉर्ड शॉर्ट पोजीशन ले रखी है। रिपोर्ट के अनुसार व्यापक बाजार के संकेत इन बातों को संतुलित करते हैं : सेंसेक्स और बीएसई 500 के एमकैप का अनुपात बहुत कम है, आय सुधार में बहाली 53 फीसदी तक पहुंच गई है। आईपीओ गतिविधियां भी मजबूत बनी हुई हैं। फंडों का परिसंपत्ति आवंटन का ढांचा घरेलू इक्विटी और फिक्स्ड इनकम के बीच 60:40 के अनुपात के हिसाब से होता है।

सितंबर के अंत के बाजार आंकड़ों के आधार पर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ का इक्विटी मूल्यांकन इंडिकेटर भी इक्विटी के मामले में सकारात्मक होने के करीब था। यह इंडिकेटर 99.9 के स्तर पर था, जो दो अलग-अलग स्तरों तटस्थ और इक्विटी में निवेश करें के बीच की स्थिति बताता है।

इक्विटी के प्रति म्यूचुअल फंडों का सकारात्मक रुख बैलेंस्ड एडवांटेज फंडों (बीएएफ) के शुद्ध इक्विटी निवेश से भी साफ झलकता है। ज्यादातर बड़ी योजनाओं में डेट सिक्योरिटीज की हिस्सेदारी कम करके इक्विटी आवंटन बढ़ाया जा रहा है। सितंबर में एचडीएफसी बीएएफ का शुद्ध इक्विटी निवेश 73 फीसदी से अधिक था, जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल के मामले में अगस्त 2026 में कई सालों के उच्चतम स्तर 68.4 फीसदी पर पहुंचने के बाद यह थोड़ा कम होकर 67.2 फीसदी पर आ गया।

बीएएफ, इक्विटी और डेट के बीच आवंटन में बदलाव करते रहते हैं। इस मिश्रण का निर्धारण आमतौर पर बाजार के मूल्यांकन और मौजूदा स्थितियों के बारे में फंड मैनेजर के आकलन के आधार पर किया जाता है।