RNI No.: MPBIL/2015/64672   |   Po. Reg.: Malwa Division/345/2024-2026

शेयर बाजार में हाल के महीनों में आई गिरावट के बाद शेयर बाजार ऐसे स्तरों पर आ गया है जहां निवेशकों को शेयर खरीदने चाहिए। तो किन शेयर्स को खरीदना अच्छा रहेगा, कौन से सेक्टर में निवेश फायदेमंद साबित होगा आइए जाने।

वैश्विक मुद्रा स्फीति, रूस-यूक्रेन, अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दुनिया भर के बाजारों में गिरावट आई है जिसे लेकर सभी देशों की सरकारें और सेंट्रल बैंक चिंतित हैं। बीते 2 सालों में ब्याज दरें काफी कम रही हैं जो अब धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही हैं और इसका असर शेयर बाजार पर देखा जा सकता है। पिछले कुछ महीनों में निफ्टी में 15-16% गिरावट आ गई है। इस गिरावट के बाद खरीदारी के लिए यह अच्छा स्तर है। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए तो यह गिरावट सोने पर सुहागा साबित हो रही है क्योंकि भले ही निफ्टी सेंसेक्स 15-16% की गिरावट दिख रहे हैं परंतु कई शेयर्स ऐसे हैं जो 40-50% तक भी गिर चुके हैं।

कब करें निवेश?:- यह कहना थोड़ा मुश्किल होता है कि कब निवेश करें क्योंकि आप बाजार को टाइम नहीं दे सकते यानी कि कब बॉटम बनेगा और खरीदारी की जाए या कब टॉप पर रहेगा जब बेचा जाए इसकी गणना करना संभव नहीं है। इसलिए थोड़ा-थोड़ा कर के निवेशक अपना पैसा बना सकते हैं। बाजार अभी 15% नीचे आया है और नीचे जाएगा या नहीं यह हमें नहीं पता परंतु एक लंबी अवधि के निवेशक को इस गिरावट में अपनी बचत का 20 से 25% बाजार में इस भाव पर डाल देना चाहिए। बाजार में अभी सारी चिंताएं खत्म नहीं हुई हैं और 4-5% प्रतिशत की गिरावट देखी जा सकती है।

कहां करें निवेश?:- सेंसेक्स का पिछला पीई मल्टीपल मार्च 2021 के अंत के 34.3 स्तर से करीब 40% गिरकर 21 पर आ गया है, यह स्तर पिछले 3 साल में सबसे निचला स्तर है। कहा जाता है कि 15-25 पीई मल्टीपल अच्छा स्तर होता है खरीदारी के लिए। तो अब कौन से सेक्टर में निवेश करें यह महत्वपूर्ण हो जाता है। इस गिरावट में सबसे अधिक मार मिड और स्मॉल कैप पर पड़ी है। यह कुछ और समय के लिए जारी रह सकती है तो एक निवेशक को अभी लार्ज कैप में निवेश करना बेहतर रहेगा।

इसमें भी अगर बैंकिंग और आईटी को प्राथमिकता देंगे तो ज्यादा फायदा होगा क्योंकि दोनों सेक्टर का मूल्यांकन आकर्षक बना हुआ है। बैंकिंग में आप एसबीआई, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक में निवेश कर सकते हैं। तीनों ही बैंक अच्छे वैल्यूएशन पर हैं और आगे ग्रोथ भी अच्छी दिख रही है। आईटी क्षेत्र में इन्फोसिस अच्छा शेयर है, गिरावट के बाद अच्छी वैल्यू पर मिल रहा है।